अमेरिका में 24 घंटे में 2,034 लोगों ने दम तोड़ा; इटली में 3 मई तक लॉकडाउन बढ़ा, यहां सबसे ज्यादा 18 हजार 849 जान गई

By anand raikwar - April 10, 2020

दुनियाभर में कोरोनावायरस से एक लाख दो हजार लोगों की मौत हो चुकी है। 16 लाख 97 हजार संक्रमित हैं, जबकि तीन लाख 76 हजार ठीक हो चुके हैं। अमेरिका में 24 घंटे में दो हजार 34 लोगों की मौत हुई है।यहां अब तक 18 हजार 719 लोगों की मौत हो चुकी है। इटली के बाद अमेरिका दूसरा देश हैं, जहां सबसे ज्यादा लोगों की जान गई है।दुनिया में सबसे ज्यादा संक्रमण के करीब पांच लाख दो हजार मामले अमेरिका में ही हैं।उधर, इटली के पीएम जूजेप्पे कॉन्टे ने देश में लॉकडाउन तीन मई तक बढ़ा दिया है। बीबीसी के मुताबिक, माना जा रहा है कि लॉकडाउन का यहां काफी असर हुआ है। हालांकि, कोरोना से यहां सबसे ज्यादा 18 हजार 849 लोगों की मौत हुई है।

अमेरिका: न्यूयॉर्क में 24 घंटे में 777 मौतें

अमेरिका के न्यूयॉर्क राज्य ने संक्रमण के मामले में सभी देशों को पीछे छोड़ दिया है। राज्य में अब तक एक लाख 72 हजार 358 कोरोना मरीज मिल चुके हैं। यहां 24 घंटे में 777 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही मौतों का आंकड़ा सात हजार 844 हो गया है। शुक्रवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि देश में जो प्रतिबंध लगाए गए हैं, उनमें तब तक कोई भी ढील नहीं दी जाएगी, जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती। अमेरिका में अब तक 20 लाख से ज्यादा लोगों का कोरोना टेस्ट किया जा चुका है। देश में ब्लड बेस्ड सेरोलॉजी टेस्ट भी शुरू की जाएगी। इससे लोग संक्रणित है या नहीं या उनकी रोग प्रतिरक्षा कैसी है, इसकी जानकारी मिल सकेगी।

इटली: 24 घंटे में 570 मौतें
इटली में 24 घंटे में 570 लोगों की मौत हुई है, जबकि संक्रमण के करीब चार हजार मामले सामने आए हैं। यहां अब तक कोरोना के एक लाख 47 हजार मरीज मिल चुके हैं। इससे पहले यहां 9 मार्च से 3 अप्रैल तक लॉकडाउन लगाया गया था, जिसे 13 अप्रैल तक बढ़ा दिया गया। लेकिन, अब इसे तीन मई तक बढ़ाया गया है।

इटली: वेटिकन स्थित सेंट पिटर स्क्वायर। सरकार ने यहां लॉकडाउन 3 मई तक बढ़ा दिया है।

फ्रांस: अब तक 13 हजार से ज्यादा लोगों की मौत

फ्रांस में शुक्रवार को 987 लोगों ने दम तोड़ा है। इसके साथ ही वहां मौतों का आंकड़ा 13 हजार से ज्यादा हो गया है। इटली, स्पेन और अमेरिका के बाद फ्रांस चौथा देश हैं, जहां सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं।

फ्रांस में एक कोरोना मरीज को अस्पताल ले जाते चिकित्साकर्मी। यहां एब तक 13 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।

ब्रिटेन: 102 साल की महिला ठीक हुई

ब्रिटेन में 73 हजार 758 लोग कोरोना से संक्रमित हैं। यहां आठ हजार 958 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, स्थानीय मीडिया के मुताबिक, यहां 102 साल की एक महिला कोरोना से ठीक हो गई है। शुक्रवार को महिला को लिवरपुल के एक अस्पताल से छुट्टी मिली। हालांकि, उसका नाम उजागर नहीं किया गया। न्यूज एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, महिला को केयर होम में रखा जाएगा। नर्सों ने ताली बजाकर महिला को अस्पताल से विदा किया।

  • ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन आईसीयू से बाहर आ गए हैं। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सोमवार रात लंदन के सेंट थॉमस अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। उन्हें वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है।
  • 27 मार्च को बोरिस जॉनसन की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया था। इसके 10 दिन बाद उनकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई।
  • उनकी गैरहाजिरी में विदेश मंत्री डोमिनिक राब जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। जॉनसन को वॉर्ड में थोड़ी दूर चलने के लिए भी कहा गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगर उन्हें ज्यादा थकान महसूस नहीं होगी तो कुछ हल्की एक्सरसाइज भी कराई जा सकती हैं। डॉक्टर इसके जरिए उनकी रिकवरी प्रॉसेस समझना चाहते हैं।

द.कोरिया: ठीक हुए 91 मरीज फिर से संक्रमित
बीबीसी के मुताबिक, दक्षिण कोरिया के स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा है कि देश में कोरोना से ठीक हुए 91 लोगों का टेस्ट फिर से पॉजिटिव आया है। कोरिया सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन ने कहा है कि वे दोबारा कैसे संक्रमित हुए इसका पता नहीं चल पाया है। कुछ विशेषज्ञों का कहना है कि हो सकता है उनका टस्ट ठीक से न हुआ हो। यहां अब तक 208 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दस हजार 450 संक्रमित हैं।

कोरोनावायरस : सबसे ज्यादा प्रभावित 10 देश

देश कितने संक्रमित कितनी मौतें कितने ठीक हुए
अमेरिका 5,02,876 18,747 27,314
स्पेन 1,58,273 16,081 55,668
इटली 1,47,577 18,849 30,455
फ्रांस 1,24,869 13,197 24,932
जर्मनी 1,22,171 2,767 53,913
चीन 81,953 3,339 77,525
ब्रिटेन 73,758 8,958 344
ईरान 68,192 4,232 35,465
तुर्की 47,029 1,006 2,423
बेल्जियम 26,667 3,019 5,568

स्रोत:https://ift.tt/37Fny4L



आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
अमेरिका: ब्रूकलिन में स्थिक ब्रूकडेल हॉस्पिटल में मरीज को ले जाते स्वास्थ्यकर्मी। यहां न्यूयॉर्क में एक लाख 77 कोरोना मरीज हैं।


source https://www.bhaskar.com/international/news/coronavirus-outbreak-china-italy-iran-usa-japan-france-uk-live-today-news-updates-world-cases-novel-corona-covid-19-death-toll-127146956.html

  • Share:

You Might Also Like

0 comments