हिंदपीढ़ी के अलावा बाकी रांची में आज से लॉकडाउन में ढील; छूट के बाद जमशेदपुर के मानगो में सड़कों पर जाम, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं

By anand raikwar - April 19, 2020

लॉकडाउन 2.0 का नया वर्जन सोमवार से लागू हो गया है। इसके तहतझारखंड में राज्य सरकार ने रेड जोन में आने वाले जिलों रांची और बोकारो में भी सिर्फ कन्टेनमेंट जोन को छोड़ बाकी जिले में छूट देने का फैसला किया है। राजधानी रांची में हिंदपीढ़ी के कन्टेनमेंट जोन को छोड़ बाकी जिले में छूट दी गई है। छूट के बाद रेड जोन के कन्टेनमेंट जोन, ऑरेन्ज और ग्रीन जोन वाले जिलों में आमदिनों की तरह सड़कों पर चहल-पहलदिखी। जमशेदपुर के मानगो में सड़कों पर आमदिनों की तरह गाड़ियां दिखी। सड़कों पर जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। कुछ लोग ऑफिस के लिए भी निकले थे तो कुछ अन्य काम से। हालांकि छूट के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग व कोरोनावायरस से बचने के लिए हर एतिहात बरतने की हिदायत दी गई है लेकिन लोग इसका पालन करते नहीं दिख रहे।

हिंदपीढ़ी ही कन्टेनमेंट जोन, बाकी रांची में मिलेगी छूट : मुख्य सचिव
मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने कहा कि लॉकडाउन की पाबंदियां रेड जोन में आने वाले जिलों में सिर्फ कन्टेनमेंट जोन में ही लागू होंगी। बाकी जिले में केंद्र सरकार की गाइडलाइन के मुताबिक जो छूट दी जानी है, वह दी जाएगी। रांची में हिंदपीढ़ी इलाका ही कंटेनमेंट जोन में हैं। इसलिए सिर्फ हिंदपीढ़ी इलाके में ही प्रतिबंध रहेगा। बाकी जिले में छूट मिलेगी।

गुमला के चैनपुर में सोमवार को एसपी हृदीप पी जनार्दनन ने दारोगा को लॉकडाउन के नियमों के सख्ती से पालन का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बेवजह सड़कों पर निकलने और लॉकडाउन के पालनों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती बरतें और कार्रवाई करें।

आज से सरकारी कार्यालयों व फैक्ट्रियों में काम शुरू, राशन व दवा को छोड़ अन्य दुकानें नहीं खुलेंगी
केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के आलोक में राज्य सरकार ने 20 अप्रैल से शर्तों के साथ सरकारी कार्यालय, स्वायत संस्थाओं व बोर्ड-निगमों के कार्यालय खोलने का फैसला किया है। शर्तों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा नगर निगम क्षेत्रों में भी औद्योगिक गतिविधियों को अनुमति दी गयी है। लेकिन सामान्य गतिविधियां अभी भी पूर्णत: प्रतिबंधित रहेंगी। राशन-दवा की दुकान को छोड़ अन्य कोई दुकानें अभी भी नहीं खुलेंगी। पूर्व की तरह सभी तरह की परिवहन सेवाएं स्थगित रहेंगी। सामाजिक, राजनीतिक, खेल, सांस्कृतिक व अन्य तरह की सारी गतिविधियां भी बंद रहेंगी। लॉकडाउन की अवधि में जारी सारे निर्देश यथावत रहेंगे।

वर्क प्लेस पर ऐसा करना अनिवार्य होगा
सभी कार्य स्थलों पर थर्मल स्कैनर और सैनिटाइजर की व्यवस्था करनी होगी। साथ ही बड़ी मीटिंग पर प्रतिबंध रहेगा। ऑफिस, वर्क प्लेस और फैक्ट्री में प्रवेश द्वार, कैफेटेरिया, मीटिंग रूम, खुली जगह, लिफ्ट व टॉयलेट जल स्रोत संक्रमित न हो, इसकी व्यवस्था करनी होगी।

सिमडेगा में रविवार को मिले दूसरे कोरोना पॉजीटिव के घर और आसपास के इलाकों में सोमवार सुबह सेनेटाइजेशन किया गया। साथ ही युवक के घर के परिधि में तीन किलोमीटर के क्षेत्र को पूरी तरह से सील कर दिया गया है।

शहरी क्षेत्र में निर्माण कार्य शुरू करने का निर्देश, लेकिन मजदूर बाहर से नहीं आ पाएंगे

रांची नगर निगम क्षेत्र सहित राज्य के सभी नगर निकायों को निर्माण कार्य शुरु कराने का निर्देश दिया गया है। नगर विकास सचिव विनय कुमार चौबे ने इससे संबंधित निर्देश सभी निकायों को दिया है। शर्तों के साथ निर्माण कार्य शुरु कराने की अनुमति दी गई है। इसमें पहली शर्त यह है कि वैसा ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा जिस निर्माण स्थल पर मजदूर रह रहे हैं। बाहर से आने-जाने वाले मजदूर जिस प्रोजेक्ट में शामिल होंगे, उसे शुरू नहीं किया जा सकता।

आज से टोल प्लाजा पर मालवाहक वाहनों की जांच के बाद ही इंट्री
भारत सरकार के निर्देश के बाद एनएचएआई ने 20 अप्रैल से रांची सहित राज्यभर के सभी टोल प्लाजा पर टोल टैक्स की वसूली करने का निर्देश दे दिया है। हालांकि टोल प्लाजा से सिर्फ माल वाहक वाहन ही गुजर पाएंगे। निजी वाहनों या सवारी लेकर कोई भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं मिलेगी। वाहनों की जांच के लिए टोल प्लाजा पर स्थानीय थाने की पुलिस के साथ टोल कांट्रेक्टर के सुरक्षा गार्ड को भी तैनात किया गया है, जो वहां से गुजरने वाले सभी वाहनों की जांच करेंगे। माल वाहक वाहनों में भी सिर्फ दो ड्राइवर और एक कंडक्टर सहित तीन लोगों को ही जाने की अनुमति है। तीन से अधिक व्यक्ति होने पर संबंधित वाहन को रोका जाएगा।

सोमवार से मिल रही छूट और ढील के बाद जमशेदपुर के कुछ इलाकों में चिकन शॉप भी खुले। इस दौरान कुछ लोगों ने खरीदारी भी की। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते लोगों को देखा गया।

सख्ती...बाइक पर एक से ज्यादा, कार में दो से ज्यादा बैठे तो 4 हजार तक कटेगा चालान
कोरोनावायरस के संक्रमण को लेकर पुलिस विशेष एहतियात बरत रही है। मिनिस्ट्री ऑफ होम अफेयर्स द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार एक बाइक पर एक ही सवार को चलने की अनुमति दी जा रही है। इस संबंध में एसएसपी अनीश गुप्ता ने आदेश जारी कर दिया है। एक बाइक पर एक से ज्यादा सवार लोगों पर पुलिस की नजर है। एसएसपी अनीश गुप्ता ने बताया कि सोमवार से कोई भी बेवजह सड़कों पर निकलता है या बाइक पर एक से ज्यादा सवार और कार में दो लोगों से ज्यादा सफर करते पकड़े जाते हैं, तो पुलिस उसके खिलाफ लॉकडाउन के उल्लंघन के मामले में प्राथमिकी दर्ज करेगी। कानून का उल्लंघन करने के मामले में एक से 4 हजार रुपए तक फाइन किया जाएगा। एसएसपी ने यह भी बताया कि इस संबंध में सभी थाना प्रभारियों को आदेश दिया जा चुका है और सभी को इसे सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया गया है।

मुंबई, दिल्ली और कोलकाता से आने वाले वाहनों पर विशेष नजर
टोला प्लाजा पर तैनात पुलिसकर्मियों को मुंबई, दिल्ली, कोलकाता से आने वाले वाहनों पर विशेष नजर रखने को कहा गया है। क्योंकि इन क्षेत्र से आने वाले वाहनों में अन्य लोगों के आने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। इसलिए ऐसे वाहनों की सघनता से जांच होगी।

सोमवार से लॉकडाउन के दौरान मिली रियायत के बाद इसके उल्लंघन में बाइक सवारों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जा रही। चुटिया थाना में कई बाइक को पुलिस ने जब्त किया, अभियान जारी है।

रांची शहर में 4 मोबाइल वैन घूम रहे, आप भी दे सकते हैं सैंपल
चार मोबाइल वैन रांची के हिंदपीढ़ी, खेलगांव सहित अन्य संक्रमित जगहों पर पहुंच कर डोर टू डोर मरीजों से सैंपल कलेक्शन कर रहे हैं। अब तक मोबाइल वैन से 400 से अधिक सैंपल कलेक्ट किए गए हैं। वैन से रोजाना 50 से अधिक लोगों का सैंपल कलेक्ट हो पा रहा है। सिविल सर्जन डॉक्टर विजय बिहारी प्रसाद के नेतृत्व में सदर अस्पताल से रोजाना चार मोबाइल वैन रांची के कोरोना संक्रमित जगहों पर सैंपल कलेक्शन के लिए निकलते हैं। प्रत्येक वैन में एक टेक्नीशियन, संदिग्ध मरीजों की स्क्रीनिंग करने के लिए एक चिकित्सक, मरीजों का नाम, पता, फोन नंबर सहित सभी डिटेल्स दर्ज करने के लिए एक स्टाफ और एक ड्राइवर सहित चार लोगों की टीम रहती है। सिविल सर्जन ने बताया, इस प्रोसेस के जरिए सैंपल कलेक्शन के दौरान टेक्नीशियन, मरीजों के संपर्क में नहीं आता है। टेक्नीशियन और टीम पूरी तरह से सुरक्षित रहती है। वहीं कई मरीज ऐसे भी हैं, जो सैंपल देने के लिए घर से निकलना नहीं चाहते, चूंकि मोबाइल वैन मूवेबल है। इस कारण वह कहीं भी सैंपल लेने के लिए भेजी जा सकती है।

सीवान से रांची आ रहे 5 लोग पकड़े गए, क्वारैंटाइन में भेजा
कांके के पिठोरिया थाना क्षेत्र के सिमलबेड़ा टीओपी चेकपोस्ट पर रविवार को पुलिस ने एक गाड़ी में सवार पांच लोगों को पकड़ा। सीवान से आ रहे ये लोग कांके के मिल्लत कॉलोनी जा रहे थे। थाना प्रभारी विनोद राम ने उनसे पूछताछ की और बीडीओ ज्ञानशंकर जायसवाल को सूचना दी। बीडीओ पहुंचे तो उन लोगों ने सीवान एसडीओ द्वारा जारी पास दिखाया। बीडीओ ने कहा कि सीवान अभी कोरोना का पॉट स्पॉट बना हुआ है। इसलिए तत्काल सभी को हेहल क्वारैंटाइन सेंटर भेज दिया गया है। सोमवार को उनका सैंपल लिया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जमशेदपुर के कदमा स्थित सब्जी बाजार में सोमवार को रोजाना की तरह भीड़ जुटी। इस दौरान लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया। लोगों में कोरोनावायरस से बचाव के प्रति जागरुकता भी नहीं दिखी।

बरियातू तक कोरोना पहुंचने पर लोगों में खौफ 131 का लिया सैंपल, 72 लोग होम क्वॉरैंटाइन
बरियातू के जोड़ा तालाब रोड स्थित मधुमती अपार्टमेंट और लेक व्यू नर्सिंग होम में रविवार को स्वास्थ्यकर्मियों ने कैंप लगाकर लोगों की स्क्रीनिंग की। इस दौरान अपार्टमेंट में रहने वाले और नर्सिंग होम सहित आसपास के कुल 131 लोगों का सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है। मधुमती अपार्टमेंट को सील कर दिया गया है। वहां के लोगों को फ्लैट में ही क्वारैंटाइन किया गया है। फ्लैट के 72 लोग होम क्वारैंटाइन हैं, जबकि लेक व्यू नर्सिंग होम में 59 की स्क्रीनिंग हुई।

इधर, पुलिस की सख्ती घरों से बाहर किसी को निकलने की इजाजत नहीं
हिंदपीढ़ी में कोरोना वायरस के संक्रमण से पीड़ित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ने से पुलिस काफी चौकस और सजग है। अन्य दिनों की तरहपूरे हिंदपीढ़ी इलाके में पुलिस सख्त दिख रही है और किसी को भी घरों से बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा है। हालांकि कुछ लोग जरूरी सामान लेने की बात कहते हुए अपने घरों से निकलने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने ऐन वक्त पर उसे रोक रही है और घरों में ही रहने की हिदायत दी जा रही है।

कदमा में सब्जी मंडी के बाहर मोटरसाइकिलों की भीड़ दिखी। बाइक्स की भीड़ से अंदाजा लगाया जा सकता है कि बाजार में कितने लोग खरीदारी के लिए पहुंचे। इस दौरान कुछ ही लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते दिखे।

धनबाद....
डीएस कॉलोनी और अजंतापाड़ा में कर्फ्यू, सरायढेला सदर, धनसार, बैंकमोड़ थाना क्षेत्र बफर जोन चिह्नित

धनबाद के डीएस कॉलोनी में कोविड-19 का मरीज मिलने के बाद प्रशासन ने डीएस कॉलोनी और अजंतपाड़ा क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। एसडीएम राज महेश्वरम ने कंटेनमेंट जोन में तत्काल प्रभाव से कर्फ्यू लगा दिया है। कोरोना पीड़ित व्यक्ति के निवास स्थान को ईपी सेंटर के रूप में चिह्नित किया गया है। एसडीएम ने बताया कि ईपी सेंटर से 7 किलोमीटर की परिधि में आने वाले 4 थाना क्षेत्रों धनबाद, धनसार, बैंक मोड़ और सरायढेला थाना को बफर जोन के रुप में चिह्नित किया गया है। कर्फ्यू ग्रस्त इलाकों में हर तरह की गतिविधियों पर प्रतिबंध रहेगा। कर्फ्यू प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से घर में रहने की अपील की गई है। जरूरी सामग्रियों की होम डिलीवरी की व्यवस्था की गई है। डीएस कॉलोनी रेलवे की कॉलोनी है, प्रशासन या डीआरएम की अनुमति के बिना कोई भी यहां का व्यक्ति ड्यूटी नहीं जाएगा। एसडीएम ने कहा कि स्वास्थ्य कारणों से ही कोई व्यक्ति इलाज के लिए अस्पताल और डॉक्टर के पास जा सकेगा। इसके लिए भी प्रशासन की अनुमति जरूरी है।

आज सीनियर डीईएन इस्टेट समेत इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट के 20 कर्मियों का लिया जाएगा सैंपल
डीआरएम ऑफिस में मिले कोरोना पेसेंट्स का इलाज करने वाले दो चिकित्सकों, दो नर्स, दो हॉस्पिटल अटेंडेंट समेत चार सफाई कर्मी के अलावे सीनियर डीईएन इस्टेट, पीडब्ल्यूआई कतरास समेत मरीज के संपर्क में आने वाले कुल 25 रेल कर्मियों को होम क्वारैंटाइन में भेजा गया है। चिकित्सकों और अस्पताल कर्मियों का पीएमसीएच में जांच सैंपल लिया गया। डीईएन स्टेट समेत इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट के 20 लोगों की जांच सोमवार को होगी।

जमशेदपुर के सोनारी स्थित सब्जी मंडी में लगातार भीड़ और सोशल डिस्टेंसिंग के उल्लंघन की सूचना के बाद पुलिस पहुंची और एतिहातन बाजार को बंद करा दिया।

कोरोना मरीज की गर्भवती पत्नी और 15 रिश्तेदार इलाज करने वाले दो डॉक्टर समेत 25 क्वारैंटाइन
धनबाद के हीरापुर स्थित डीएस कॉलोनी निवासी जो रेलकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाया गया था, उसकी ट्रैवल हिस्ट्री के आधार पर अब तक 25 से अधिक लोगों को क्वारैंटाइन किया गया है। क्वारैंटाइन किए गए लोगों में रेल कर्मी की गर्भवती पत्नी व रिश्तेदारों के आलावे रेलवे के अफसर व कर्मी शामिल हैं। मरीज की ट्रैवल हिस्ट्री बोकारो के उपशहर चास से जुड़ी हुई है। बताया जा रहा है कि रेलकर्मी चास के बाबा नगर इलाके में अपनी गर्भवती पत्नी को उसके ननिहाल में छोड़ने 24 मार्च को आया था। गर्भावस्था में यहां उसकी सही तरीके से देखभाल हो सके, इसलिए वह उसे यहां छोड़ गया था। पत्नी यहीं रह गई और तीन दिन के बाद वह वापस धनबाद लौट गया। रेल कर्मचारी के संपर्क में आई उसकी पत्नी सहित बाबा नगर में रहने वाले उसके ननिहाल के कुल 15 रिश्तेदारों के सैंपल लिए गए। उन सबको क्वारैंटाइन भी कर दिया गया है।

जमशेदपुर....
कोल्हान को मिलने लगे ग्रीन जोन के फायदे लेकिन एक भी केस मिला तो छिन जाएगी सारी छूट

पूर्वी सिंहभूम जिले में अभी तक एक भी कोरोना पॉजिटिव मरीज नहीं मिलने से जमशेदपुर ग्रीन जोन में है। अपील की गई है कि हमें सावधान रहने की जरूरत है। जरूरी हो तभी घर से निकलें। सोशल डिस्टेंस का पालन जरूर करें। सोमवार को शहरी क्षेत्र में व्यवस्था पहले की तरह ही संचालित है। बाजार पूरी तरह से बंद हैं। सिर्फ खाद्य सामग्री और दवा की दुकानें ही खुली हैं। किराना व दवा दुकान बंद करने के लिए समय की पाबंदी नहीं हैं। साथ ही हर प्रतिष्ठान में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हर हाल में करने की हिदायत दी गई है। ऐसा नहीं होने पर उन्हें बंद करा दिया जाएगा। शहरी क्षेत्र में सिर्फ मेडिकल से जुड़ी सामग्री बनाने वाले औद्योगिक प्रतिष्ठान ही खुले हैं। यात्री वाहनों के परिचालन पर पूरी तरह से पाबंदी हैं।

बिहार के 13 मजदूर आंध्रप्रदेश से चार दिन साइकिल चला टाटा पहुंचे, जांच के बाद क्वारैंटाइन
आंध्र प्रदेश में कार्यरत बिहार के मुजफ्फरपुर के 13 मजदूर मां की बीमारी और फसल बर्बाद होने की सूचना पाकर लॉकडाउन में आंध्र प्रदेश से बिहार के लिए साइकिल से ही निकल गए। चार दिनों तक साइकिल चलाकर रविवार को जमशेदपुर पहुंचे। एनएच-33 पर पारडीह में चेक नाका पर तैनात पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच के बाद सभी को 14 दिन के क्वारैंटाइन में भेज दिया। स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर सुजीत झा ने बताया कि कंट्रोल रूम की सूचना पर टीम ने सभी मजदूरों की जांच की। उनमें कोरोना का कोई लक्षण नहीं मिला।


मुंबई से इलाज कराकर आ रहे दाईगुट्टू के तीन लोगों को पुलिस ने मानगो में पकड़ा, क्वारैंटाइन किया
मुंबई से कार लेकर शहर आ रहे तीन लोगों को पुलिस ने रविवार को चेकिंग के दौरान मानगो चौक के पास पकड़ा। वे लोग बिना प्रशासन को जानकारी दिए अपने घर दाईगुट्टू जा रहे थे। पूछताछ में उन लोगों ने बताया कि उसमें से एक कैंसर का मरीज है उसका इलाज कराकर वे अपनी कार से घर लौट रहे हैं। मुंबई की बात सुनते ही पुलिस ने उन सभी को कदमा स्थित क्वारैंटाइन सेंटर भेज दिया। इसके साथ ही जानकारी जिला सर्विलांस विभाग को भी दी।

मौके पर पहुंची टीम ने तीनों की स्क्रीनिंग की। हालांकि, इस दौरान उन लोगों में कोरोना से संबंधित किसी प्रकार का कोई लक्षण नहीं मिला तो टीम के सदस्यों ने उन सभी को उनके घर दाईगुट्टू लाकर होम क्वारेंटाइन कर दिया। टीम ने कहा 28 दिनों तक अपने घर में ही रहें। इस दौरान अगर किसी प्रकार की कोई परेशानी होती है तो इसकी जानकारी जिला सर्विलांस विभाग को देंगे, ताकि उनकी जांच कराई जा सके।

एमजीएम में क्वारैंटाइन की बात सुन भागे दिल्ली से लौटे परिवार के सदस्य
धातकीडीह में रहने वाले एक परिवार के छह सदस्य पिछले दिनों दिल्ली से शहर लौटे थे। ये लोग रविवार को अपनी जांच कराने एमजीएम अस्पताल पहुंचे। जांच के दौरान पारा मेडिकल स्टाफ ने कहा कि अब उन्हें अगले 14 दिनों तक क्वारैंटाइन में रहना होगा। यह सुनते ही टीएमएच जाने की बात कह सभी वहां से भाग गए। अस्पताल प्रबंधन ने इसकी जानकारी जिला सर्विलांस विभाग को फोन पर दी। सर्विलांस टीम टीएमएच गई, लेकिन वे लोग वहां पहुंचे ही नहीं थे। इसके बाद टीम धातकीडीह में देर रात तक उक्त परिवार का पता लगाने का प्रयास कर रही थी।



आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
जमशेदपुर के मानगो में सोमवार को सड़कों पर कुछ ऐसा नजारा दिखा। हालांकि कुछ कार्यालयों को खोलने का निर्णय लिया गया है। साथ ही जमशेदपुर फिलहाल ग्रीन जोन में है। इसलिए सड़कों पर आमदिनों के मुकाबले भीड़ कुछ ज्यादा दिखी।


source /national/news/jharkhand-coronavirus-covid-19-lockdown-relaxation-today-latest-news-ranchi-jamshedpur-dhanbad-bokaro-hazaribagh-127207365.html

  • Share:

You Might Also Like

0 comments