कठुआ में पाकिस्तान की तरफ से 7 घंटे फायरिंग; बच्चे समेत दो जख्मी, घरों को भी नुकसान

By anand raikwar - March 24, 2020

श्रीनगर. पाकिस्तान ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर स्थित मनयारी गांव में पाकिस्तानी रेंजरों की तरफ से लगातार 7 घंटे फायरिंग की गई। इसमें एक बच्चे समेत दो लोग घायल हो गए। कई घरों को नुकसान हुआ है। भारत की तरफ से बीएसएफ ने भी जवाबी फायरिंग की। इसके पहले शनिवार की रात भी पाकिस्तान की तरफ से गोलीबारी की गई थी। भारतीय सेना ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया था।

पाकिस्तानी रेंजर्स ने सोमवार की रात दस बजे से ही कठुआ के मनयारी गांव में सीमा पार से गोलीबारी शुरू कर दी थी। इसमें गांव के बोधराज को मोर्टार शैल के छर्रे निकलने से चोट आई है। उन्हें तुरंत हीरानगर के उप जिला अस्तपाल में भर्ती करवाया गया। एक बच्चे को भी हल्की चोट आई है। सुबह पांच बजे तक गोलीबारी होती रही। इसके चलते कई घरों को भारी नुकसान हुआ है। पूरी रात ग्रामीण बंकरों में रहने को मजबूर रहे।

पुंछ में भी की थी गोलीबारी
रविवार को साढ़े दस बजे पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में भी पाक सेना की ओर से भारी गोलीबारी हुई थी। भारतीय सेना ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया गया था। इसके बावजूद पाकिस्तान लगातार अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है।

कठुआ के मनयारी गांव में पाकिस्तानी रेंजरों की तरफ से दागी गई मोर्टार दिखाते स्थानीय लोग।

पकड़े गए हैं एलईटी के 7 आतंकी
जम्मू कश्मीर पुलिस ने सोमवार को ही उत्तरी कश्मीर से आतंकी संगठन लश्कर-ए-तोईबा (एलईटी) के सात आतंकियों को गिरफ्तार किया है। जम्मू कश्मीर पुलिस के आईजी के अनुसार 9 आतंकियों की शिनाख्त की गई थी जिनमें 7 गिरफ्तार हो चुके हैं। जल्द ही शेष आतंकियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने कुपवाड़ा के केरन सेक्टर से हथियारों का जखीरा भी बरामद किया। पुलिस के मुताबिक लश्कर सोपोर में दोबारा से अपनी पकड़ मजबूत करना चाहता था। इसके लिए सेना पार से इस तरह की हरकतें शुरू की गई हैं।

सोपोर में पुलिस काफिले पर हुआ था हमला
करीब 10 दिन पहले ही सोपोर में पुलिस के काफिले पर एक आतंकी हमला हुआ था। इसमें पुलिस का एक एसपीओ शहीद हुआ था जबकि एक स्थानीय नागरिक की भी गोलीबारी में मौत हो गई थी। इसके बाद से जम्मू कश्मीर पुलिस लगातार कई जगहों पर छापेमारी कर रही थी। पूछताछ के लिए कुछ लोगों को उठाया गया। जिन्होंने खुलासा किया कि एलईटी सोपोर और सुमबल इलाके में दोबारा से अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में जुटा है। इसके लिए वह स्थानीय लड़कों को भर्ती कर रहा है। जम्मू कश्मीर पुलिस के आईजीपी विजय कुमार ने इसकी पुष्टि की। बताया कि एलईटी ने हाल ही में 4-5 स्थानीय लड़कों को भर्ती किया है। इनमें से एक को हाल ही में मुठभेड़ के दौरान मार गिराया गया था।



आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
जम्मू कश्मीर के कठुआ में पाकिस्तानी रेंजर्स की तरफ से हुई गोलीबारी में कई घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। स्थानीय लोगों का भारी नुकसान हुआ है।


source /national/news/7-hours-firing-from-pakistan-in-kathua-two-injured-including-children-damage-to-homes-127040888.html

  • Share:

You Might Also Like

0 comments